अमेरिका ने लिया काबुल ब्लास्ट का बदला
संवाददाता/in24 न्यूज़
अपनी घोषणा के बाद अंततः अमेरिका ने काबुल एयरपोर्ट ब्लास्ट का बदला ले ही लिया। अफगानिस्तान के काबुल एयरपोर्ट के पास आत्मघाती बम धमाकों के बाद अमेरिका ने 48 घंटों के भीतर इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ ड्रोन स्ट्राइक की है। अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने दावा किया है कि काबुल हमले के साजिशकर्ता के खिलाफ ये कार्रवाई की गई है और टारगेट को ढेर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक इस हमले में काबुल एयरपोर्ट पर धमाकों का मास्टरमाइंड मारा जा चुका है। वहीं, अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे काबुल एयरपोर्ट से तुरंत हट जाएं और गेट को जल्द से जल्द खाली कर दें। अमेरिका ने यह एयर स्ट्राइक अफगानिस्तान के नांगरहार में की है। अमेरिका के सेंट्रल कमान के प्रवक्ता कैप्टन बिल अर्बन ने बताया कि अमेरिकी सेना ने इस्लामिक स्टेट समूह साजिशकर्ता के खिलाफ आज आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया। यह मानव रहित हवाई हमला अफगानिस्तान के नांगहर प्रांत में हुआ। शुरुआती संकेत मिले हैं कि हमने टारगेट व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। हमारे पास किसी भी आम नागरिक के मारे जाने की जानकारी नहीं है। बता दें कि 26 अगस्त को काबुल एयरपोर्ट के बाहर आतंकी संगठन आईएस-के ने दो फिदायीन हमले किए थे। धमाकों में 170 लोगों को मौत हो गई। इन हमलों में 13 अमेरिकी सैनिक और 2 ब्रिटिश नागरिक भी मारे गए हैं, वहीं 1276 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। घटना के बाद राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि था समय आने पर आतंकियों को अमेरिका करारा जवाब देगा।