नेपाल की राजधानी काठमांडू में प्लेन हादसा, 18 लोगों की हुई मौत
नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान भरने के दौरान एक निजी एयरलाइन का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोखरा जाने वाले सौर्य एयरलाइंस के विमान के उड़ान भरने के दौरान रनवे से बाहर निकल जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस विमान में 19 लोग सवार थे। इनमें 18 लोगों की मौत की बात सामने आई है। वहीं विमान के पायलट एमआर शाक्य को अस्पताल ले जाया गया है। विमान में लगी आग को बुझा दिया गया है। पुलिस और दमकलकर्मी दुर्घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रहे हैं।
विमान हादसे में मारे गए लोगों में से 17 सौर्य एयरलाइंस के ही स्टाफ थे, जबकि बाकी 2 क्रू मेंबर्स थे। 21 साल पुराने इस प्लेन को मरम्मत कर टेस्टिंग के लिए ले जाया जा रहा था। प्लेन में मौजूद लोग कंपनी का टेस्टिंग स्टाफ था। वहीं घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
नेपाल में हर साल औसत एक विमान हादसा होता है। साल 2010 से अब तक 12 प्लेन क्रैश हो चुके हैं। 14 जनवरी 2023 को यहां बड़ा विमान हादसा हुआ था। जिसमें 68 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे। विमान पोखरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंडिंग से महज 10 सेकेंड पहले पहाड़ी से टकरा गया था। इससे प्लेन में आग लगी और वह खाई में जा गिरा था। हादसे में सभी 72 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले 29 मई 2022 को मस्टैंग जिले में एक एयरप्लेन क्रैश हुआ था। इस हादसे में 22 लोगों की मौत हुई थी।