पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ से 36 लोगों की मौत और 145 घायल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारी बारिश और बाढ़ ने पाकिस्तान (pको बेहाल कर दिया है। पाकिस्तान (Pakistan) में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई और 145 अन्य घायल हो गए। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक एनडीएमए द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में बारिश से संबंधित विभिन्न घटनाओं में अपनी जान गंवाने वालों में कम से कम सात बच्चे और पांच महिलाएं शामिल थीं। एनडीएमए ने शनिवार शाम को कहा कि देश का दक्षिणी सिंध प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र था, जिसमें 18 लोग मारे गए और 128 अन्य घायल हुए। इसके बाद उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 11 लोगों की मौत हुई और पूर्वी पंजाब प्रांत में सात मौतें हुईं। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में कुल 27,870 घर नष्ट हो गए, 10,860 पूरी तरह से नष्ट हो गए और 170010 आंशिक रूप से। एनडीएमए ने कहा कि जून के मध्य से इस मौसम की मानसूनी बारिश से पाकिस्तान में मरने वालों की कुल संख्या 728 हो गई है, जिसमें 156 महिलाएं और 263 बच्चे शामिल हैं, साथ ही 1,291 अन्य घायल हुए हैं। इसके अलावा 116,771 घर, 129 पुल और 50 दुकानें नष्ट हो गई हैं। बता दें कि बारिश और बाढ़ की विभीषिका के बीच आम पाकिस्तानियों में दहशत का माहौल है।