Breaking News

पाकिस्तान में संसद भंग, अगले पीएम तक इमरान बने रहेंगे

04 Apr, 2022 640

संवाददाता/in24 न्यूज़.
सियासी घमासान के बीच पाकिस्तान में संसद भंग हो चुकी है। अब चुनाव के बाद ही स्थाई प्रधानमंत्री का चयन हो सकेगा। हालांकि, केयरटेकर पीएम चुने जाने तक इमरान खान ही प्रधानमंत्री के पद पर रहेंगे। इसको लेकर राष्ट्रपति कार्यालय से आदेश जारी किया गया है। वहीं पाकिस्तान में अविश्वास प्रस्ताव खारिज किए जाने और संसद भंग मामले में एक बजे से सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू होगी। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, सुनवाई के दौरान स्पीकर की ओर से अटॉर्नी जनरल पेश होंगे। इससे पहले संयुक्त विपक्ष की ओर से मांग की गई है कि, मामले की सुनवाई फुल बेंच करे। विपक्ष का कहना है कि, उन्हें उम्मीद है कि कोर्ट संविधान के साथ खड़ी रहेगी। दूसरी तरफ पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ इन दिनों लंदन में हैं। यहां उनके ऊपर फिर से हमला हुआ है। पिछले 24 घंटे के अंदर यह उन पर दूसरा हमला है। जानकारी के मुताबिक, 15 से 20 नकाबपोशों ने नवाज शरीफ के कार्यालय पर हमला बोला। इससे एक दिन पहले भी नवाज शरीफ को एक शख्स ने फोन फेंक कर मारा था। बता दें कि पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन की जबरदस्त लहर चल रही है।

अन्य खबरे