शाही महल से बेदखल किए गए प्रिंस हैरी और मेगन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
ब्रिटेन के शाही महल विंडसर एस्टेट (Royal Palace Windsor Estate) से प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन (Prince Harry and his wife Megan) को बेदखल कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया है। अब प्रिंस हैरी के पास ब्रिटेन में कोई ठिकाना नहीं रह गया है। फिलहाल प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन अमेरिका में रह रहे हैं। बता दें कि विंडसर एस्टेट में स्थित फ्रोगमोर कॉटेज को दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने प्रिंस हैरी को शादी में बतौर तोहफा दिया था। फ्रोगमोर कॉटेज के पुनर्निर्माण पर 2.4 मिलिनय पाउंड की राशि खर्च की गई थी। ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक अब यह महल प्रिंस एंड्रयू को देने की पेशकश की गई है। ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल को जनवरी में ही इस महल को खाली करने के निर्देश दे दिए गए हैं। बता दें कि प्रिंस हैरी अपनी पत्नी मेगन के साथ साल 2020 में अमेरिका के कैलिफोर्निया में शिफ्ट हो गए थे और प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी ने शाही दर्जा भी छोड़ दिया था। इसके बाद प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन नेटफ्लिक्स की एक डॉक्यूमेंट्री में दिखाई दिए। इस डॉक्यूमेंट्री में प्रिंस हैरी ने राजशाही को लेकर कई खुलासे किए थे, जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। बीते दिनों प्रिंस हैरी की बायोग्राफी स्पेयर बाजार में आई। इस किताब की रिकॉर्ड प्रतियां बिक चुकी हैं, लेकिन इस किताब में प्रिंस हैरी ने कई ऐसे खुलासे किए, जिसे लेकर उनकी आलोचना भी खूब हुई। बता दें कि शाही परिवार की आलोचना ही प्रिंस हैरी को भारी पड़ा।