वर्ल्ड हैपिएस्ट कंट्री की सूची में भारत 126वें पायदान पर

 21 Mar 2024  296

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
संयुक्त राष्ट्र ने वर्ल्ड हैप्पीनेस डे के मौके पर बुधवार को हैप्पीनेस इंडेक्स की रिपोर्ट जारी किया है। यूएन की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की तुलना में पाकिस्तान ज्यादा खुशहाल देश है। दुनिया के 143 देशों को लेकर जारी वल्र्ड हैप्पीनेस इंडेक्स में भारत 126वें स्थान पर है। वहीं, आर्थिक तंगी से जूझ रहा हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान सूची में 108वें नंबर पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन 143 देशों की खुशहाली मापने के लिए छह मानकों पर सवाल तैयार किए गए थे। इनमें संबंधित देश के प्रति व्यक्ति की जीडीपी, सामाजिक सहयोग, उदारता और भ्रष्टाचार, सामाजिक स्वतंत्रता, स्वस्थ जीवन के आधार पर रैंकिंग की गई। फिनलैंड ने दुनिया के सबसे खुशहाल देशों की सूची में लगातार सातवीं बार पहला स्थान हासिल किया है। यहां महज 55 लाख की आबादी है। वहीं, अफगानिस्तान आखिरी पायदान पर रहा। रिपोर्ट में बताया गया कि सबसे खुशहाल देशों में ज्यादातर देश यूरोपीय हैं। गौरतलब है कि वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट पिछले 11 साल से बनाई जा रही है। इसे पहली बार 2012 में तैयार किया गया था। इसे तैयार करने के लिए लोगों की खुशी के आकलन के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक आंकड़ों को भी देखा जाता है। इसे तीन साल के औसत डाटा के आधार पर खुशहाली को जीरो से 10 तक का स्केल दिया जाता है। इस बार 2021-2023 तक का डाटा देखा गया। हालांकि, यूनाइटेड नेशन की यह लेटेस्ट रिपोर्ट इजराइल-हमास जंग से पहले तैयार हो गई थी। इसलिए जंग से जूझ रहे इजराइल नंबर पांच पर है। ऐसे में भारत के स्थान को और आगे लाने की ज़रूरत है।