शादी में 150 मेहमान जुटे, दूल्हा-दुल्हन पर केस दर्ज

 11 Jun 2020  671

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
शादी के अवसर पर मेहमानों के आने की परंपरा रही है, मगर एक शादी में जब नियम के विरुद्ध संख्या से अधिक मेहमान आए तो मुंबई से सटे कर्जत पुलिस ने एक नवविवाहित जोड़े के और उनके माता-पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नवविवाहित जोड़े पर लॉकडाउन के नियमों को तोड़ने का आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों की शादी में 150 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। शादी का समारोह एक मैरेज हॉल में आयोजित किया गया था। मामला रविवार की दोपहर का है। कर्जत में इस जोड़े की शादी का आयोजन था। पुलिस और प्रशासन ने उन्हें सिर्फ 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी थी। पुलिस और प्रशासन के लोग आयोजन पर निगरानी रखे थे। इस दौरान उन्होंने आने वाले मेहमानों की गिनती की तो पता चला कि 50 की जगह शादी में 150 लोग शामिल हुए। अभी गिरफ्तारी नहीं  पुलिस ने बताया कि दूल्हे, दुलहन और उनके अभिभावकों के खिलाफ धारा 188, 269 और 279 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हॉल के मालिक पर हो एफआईआर  समारोह में ज्यादा लोगों के आने की शिकायत करने वाले ऋषिकेश जोशी ने कहा कि मेरा नवविवाहित जोड़े को दुखी करने का उद्देश्य नहीं था, लेकिन मैरेज हॉल में गैर-कानूनी काम हो रहा था। पुलिस को हॉल के मालिक नीलेश चौंडीए के खिलाफ भी केस दर्ज करना चाहिए। जिसने अपने लाभ के लिए भीड़ एकत्र की।