तापमान का पता अब रंगों से जानिए

 30 Apr 2023  218

संवाददाता/in24 न्यूज़.
अब मौसम का पता लगाना और भी आसान होगा। मौसम विभाग (weather department) की तरफ से हीट इंडेक्स (heat index) लॉन्च किया गया है। यह इंडेक्स तापमान परिवर्तन के साथ-साथ हवा में मौजूद आद्रता का भी ध्यान रखता है। आईएमडी (IMD) के प्रमुख डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि हीट इंडेक्स से फील होने वाले टेम्परेचर रेंज का पता चलता है। इससे पता चलता है कि तापमान के साथ वातावरण में कितनी गर्मी है। आईएमडी द्वारा जारी किया गया हीट इंडेक्स फिलहाल एक मैप के तौर पर उपलब्ध है। इसमें हरा और लाल रंगों के जरिये तापमान और आर्द्रता को दिखाया गया है। मैप में हरे रंगा का मतलब यह है कि वह इलाके जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से कम है, जबकि लाल रंग यानी कि वो इलाके जहां तापमान 55 डिग्री तक जा सकता है। इसी तरह मैप में मौजूद रंग के जरिये निश्चित इलाके का तापमान और आर्द्रता जाना जा सकता है। आईएमडी के महानिदेशक ने कहा कि हम दोपहर ढाई बजे तापमान और आर्द्रता (temperature and humidity) के आंकड़ों का उपयोग कर रहे हैं, क्योंकि उस समय अधिकतम तापमान होता है। गौरतलब है कि मौसम कार्यालय हीट इंडेक्स की गणना करने के लिए राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन के फार्मूले का उपयोग कर रहा है। हीट इंडेक्स के जरिये दिन का न्यूनतम और अधिकतम तापमान का पता चलेगा कि कब किस इलाके में कितना तापमान होगा। हालांकि भारतीय परिस्थितियों के लिए हीट इंडेक्स को अभी तक मान्य नहीं किया गया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन ने कहा कि हमें भारतीय शहरों के लिए टिप्पणियों को मान्य करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ काम करना होगा। उदाहरण के लिए, भारत में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान और 20 प्रतिशत आर्द्रता ठीक हो सकती है, लेकिन अमेरिका में रहने वाले व्यक्ति के लिए यह असहनीय है। रविचंद्रन ने कहा कि एहतियाती उपायों के लिए इस तरह के डेटा को जनता के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए इंडेक्स जारी किया जाएगा। बता दें कि मौसम की जानकारी में इनदिनों तापमान का पता करना बेहद अहम है और ऐसे में यह सुविधा उपयोगी है।