चक्रवात डे ओडिशा से आगे बढ़ा; 8 जिलों में भारी बारिश

 21 Sep 2018  1262
संवाददाता/in24 न्यूज़. चक्रवाती तूफान डे शुक्रवार सुबह ओडिशा में गोपालपुर के पास समुद्र तट पार कर गया। इसकी वजह से राज्य के आठ जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। तेज हवाएं चल रही हैं। यहां बाढ़ जैसे हालात हैं। गजपति, गंजाम, कोरधा, नयागढ़ और पुरी जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। भुवनेश्वर मौसम विभाग के डायरेक्टर एचआर बिस्वास ने बताया- बंगाल की खाड़ी से उठा यह तूफान 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-पश्चिमोत्तर की तरफ बढ़ा। इसके बाद 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गोपालपुर की तरफ बढ़ा। इसकी वजह से राज्य के गजपति, गंजाम, पुरी, रायगडा, कालाहांडी, कोरापुट, मलकानगिरि और नवरंगपुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि यह पश्चिम-पश्चिमोत्तर की तरफ बढ़ते हुए लगातार कमजोर पड़ रहा है। राज्य के रायगडा, कालाहांडी, कोरापुट, बलांगीर, बरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सुंदरगढ़, क्योंझर, नवरंगपुर और मयूरभंज जिलों में शनिवार तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दौरान दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में कुछ घंटों के लिए हवा की रफ्तार 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे होने की चेतावनी जारी की है। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आपात बैठक बुलाकर अफसरों को आगाह किया। साथ ही पर्याप्त राहत सामग्री जुटाकर रखने को कहा है।