कोरोना से बचने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर मास्क अनिवार्य

 21 Dec 2023  326

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना वायरस ने एकबार फिर से तनाव बढ़ाने का काम किया है। कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 के अब तक 21 मरीज मिले हैं, जिससे कोरोना रिटर्न की चर्चाएं तेज हो गई हैं। देश में गुरुवार को 358 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इससे पहले बुधवार को 614 कोरोना मरीज सामने आए थे। ये 21 मई के बाद सबसे ज्यादा संख्या थी। WHO से लेकर केंद्र सरकार ने अलर्ट जारी किया है। अस्पतालों में खास एहतियात बरता जा रहा है। भीड़ में मास्क पहनने की अपील की गई है। कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 की टेस्टिंग बढ़ाने समेत कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में गुरुवार को पिछले 24 घंटे में 358 नए केस मिले हैं। कोविड-19 केसों में वृद्धि देखी जा रही है। कोविड के सब वैरिएंट JN.1 की वजह से कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 2,669 हो गई है। JN.1 का पहला मरीज केरल में पाया गया था। सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे में केरल में तीन मरीजों की जान गई है। देश में मरने वालों की संख्या 5,33,327 हो गई है। ताजा मामले मुख्य रूप से केरल, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,70,576 हो गई है। देश का रिकवरी रेट 98.81 फीसदी हो गया है। देश में कोविड मरीजों की कुल संख्या 4.50 करोड़ (4,50,06,336) हो गई है। बता दें कि इससे पहले बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो आंकड़े अपडेट किए थे, उसके मुताबिक देश में 24 घंटे में 614 नए कोरोना वायरस मरीज मिले थे। वायरस से केरल में तीन मरीजों की जान गई थी। मृत्यु दर 1.19 फीसदी है। मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक 220.67 करोड़ कोविड डोज लगाई जा चुकी हैं। बुधवार को गोवा में 19 मरीज पाए गए थे। एनसीआर के गाजियाबाद, केरल और महाराष्ट्र में भी एक-एक मरीज मिला था। वर्चुअल बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सभी स्वास्थ्य मंत्रियों को कोरोनो वायरस पर दिशानिर्देशों के बारे में जानकारी दी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों के बारे में फीडबैक लिया। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने बुधवार को नई दिल्ली में कहा कि देशभर में अब तक नए कोविड-19 सब-वैरिएंट जेएन.1 के 21 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। देश में वैज्ञानिक नए वैरिएंट का एनालिसिस कर रहे हैं। उन्होंने राज्यों को टेस्टिंग बढ़ाने और अपने मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में कोविड 19 के लगभग 2300 एक्टिव मामले हैं। केरल, तमिलनाडु, गोवा और कर्नाटक में मामले हैं। पिछले 2 हफ्तों में गंभीर बीमारी वाले कोरोना के 16 मरीजों की मौतें हुईं हैं। ऐसे में कोरोना से बचने का सबसे आसान तरीका है मास्क लगाना।