Breaking News

इकबाल अंसारी को भूमि पूजन का पहला कार्ड

03 Aug, 2020 1015

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राम मंदिर के भूमि पूजन की बात से पूरे देश में उत्साह है. अयोध्या में पांच अगस्त को होने वाले राम मंदिर भूमि पूजन के लिए आमंत्रण-पत्र भेजे जाने शुरू हो गए हैं। सोमवार को कार्यक्रम का पहला आमंत्रण पत्र बाबरी मस्जिद के मुद्दई रहे इकबाल अंसारी को भेजा गया। निमंत्रण पत्र पाकर अंसारी काफी खुश दिखे। उन्होंने कहा कि यह रामजी की ही इच्छा होगी कि मंदिर निर्माण का पहला आमंत्रण पत्र मुझे मिले। मैं इसे स्वीकार करता हूं। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के बीच पांच अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों से मंदिर निर्माण की पहली ईंट रखी जानी है। कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को ही बुलाया जा रहा है। इनमें बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी और अन्य मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब शामिल हैं। इकबाल अंसारी ने पहले भी कहा था कि भूमिपूजन में अगर उन्हें निमंत्रण दिया जाता है तो वह जरूर जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रामनामी पटका से स्वागत करने की इच्छा भी जताई है। इसके अलावा इकबाल अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रामचरित मानस भेंट करने की इच्छा जताई है। बता दें कि अंसारी हर मज़हब का सम्मान करते हैं.

अन्य खबरे