Breaking News

अमेरिकी महिला के साथ कैब चालक की अश्लील हरकत, भीड़ ने दबोचकर किया पुलिस के हवाले

28 Nov, 2022 970

क्राइम डेस्क/in24न्यूज़/मुंबई    

    भारत में काम के सिलसिले में अमेरिका से आई महिला टूरिस्ट के साथ एक कैब चालक ने उस समय अश्लील हरकत की, जब वो कैब चालक के बगल वाली सीट पर बैठी थी. कथित कैब चालक का नाम योगेंद्र उपाध्याय बताया जा रहा है, जिसे मुंबई की डीएन नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. डीएन नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 40 वर्षीय महिला व्यवसायी काम के सिलसिले में एक महीने पहले अमेरिका से भारत आयी थी. शनिवार के दिन महिला और उसके साथी अपना काम खत्म कर दूसरे शहर से मुंबई लौट रहे थे. इस दौरान उन्होंने एक प्राइवेट एसयूवी कैब बुक किया था. अमेरिकी महिला के मुताबिक वह कैब चालक के बगल वाली सीट पर बैठी थी और उसके साथी रास्ते में एक-एक करके उतर गए. डीएन नगर पुलिस के अनुसार पीड़ित विदेशी महिला को अंधेरी पश्चिम में उतरना था, लेकिन कैब चालक ने वाहन में ही उसके साथ अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया. जब महिला को एहसास हुआ तो उसने विरोध करते हुए कैब चालक को अंधेरी जेपी रोड पर ही वाहन रोकने को कहा, और वह कैब से उतर गयी. कैब से उतरने के बाद उसने आम राहगीर से कैब चालक की शिकायत की, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कैब चालक को पकड़ लिया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची डीएन नगर पुलिस ने आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया. डीएन नगर पुलिस ने चालक योगेंद्र उपाध्याय को आईपीसी की धारा 354 (ए) और 509 के तहत गिरफ्तार किया है. उसे रविवार को बांद्रा स्थित हॉलीडे कोर्ट में पेश किया गया. डीएन नगर पुलिस के मुताबिक आरोपी कैब चालक का कोई पिछले आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. वह मुंबई के गोरेगांव इलाके में रहता है. गौरतलब है कि साल 2016 में भी बांद्रा से अंधेरी तक टैक्सी की सवारी के दौरान एक विदेशी नागरिक से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक ऐप कैब ड्राइवर को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था. महिला की सहेली द्वारा ऐप पर मामला उठाए जाने के बाद चालक शाहबाज को निलंबित कर दिया गया था. फिलहाल अंधेरी पश्चिम स्थित जेपी रोड पर हुई इस घटना की डीएन नगर पुलिस जांच कर रही है.

अन्य खबरे