Breaking News

एकतरफा प्यार में प्रेमिका ने फेंका प्रेमी पर तेज़ाब

28 Jan, 2020 915

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
एकतरफा प्यार कई बार इतना खतरनाक हो जाता है कि उसका अंजाम ज़िंदगी भर भुगतना पड़ता है. ऐसा ही हुआ उत्तर प्रदेश के उन्नाव में. गौरतलब है कि उन्नाव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. अभी तक सिरफिरे मनचलों द्वारा लड़कियों पर तेजाब फेंकने के मामले सामने आते थे लेकिन उन्नाव में सामने आए इस मामले ने सभी को हैरत में डाल दिया है. एकतरफा प्यार में युवती ने दुकान पर बैठे एक युवक पर तेजाब फेंक दिया. गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि युवती अल्पसंख्यक है जबकि युवक हिंदू है. जानकारी के मुताबिक मौरावां थाना क्षेत्र के गांव गोनामऊ निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र महादेव यादव भवानीगंज में दूध डेयरी का संचालन करता है. सोमवार देर रात करीब दो बजे रोहित टैंकर मे दूध लदवाकर भेजने के बाद डेयरी में साफ-सफाई कर रहा था. इसी बीच गांव में ही उसके पड़ोस में रहने वाली गैर धर्म की युवती डेयरी पर उसके पास आई और रोहित के ऊपर तेजाब फेंक दिया. इस घटना में रोहित की गर्दन, कान, सीना व पीठ गंभीर रूप से झुलस गए. रोहित की चीख सुनकर उसके परिजन भी दौड़ कर उसके पास पहुंचे. रोहित को आनन-फानन में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने युवती, उसकी मां व पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मालमा एकतरफा प्रेम का लग रहा है. पूछताछ में सामने आया कि युवती करीब पांच महीने से रोहित के पीछे पड़ी थी. वह रोहित के घर से निकलने और डेयरी तक उसका पीछा करती रहती थी. बताया जा रहा है कि युवती ने प्रेम का इजहार किया जिसे रोहित ने ठुकरा दिया. इसी से नाराज होकर उसने रोहित पर एसिड अटैक कर दिया. पूछताछ में युवती ने बताया कि एक दिन पहले ही वह रोहित के घर से बर्तन साफ करने का बहाना बनाकर तेजाब लेकर गई थी.  

अन्य खबरे