कोरोना वैक्सीन चुरानेवाले चोर ने वैक्सीन लौटाकर लिखा सॉरी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना महामारी का दर्द वही जानता है जिसे इसने संक्रमित किया है. इस बीच हरियाणा के जींद से एक बहुत ही अजीबो-गरीब खबर सामने आई है. हरियाणा के जींद में एक चोर जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल के पीपी सेंटर से कोरोना की वैक्सीन चुरा ले जाता है, लेकिन जब उसे पता चलता है कि यह कोरोना की दवाई है तो वह उसे वापस कर जाता है. चोर न सिर्फ कोरोना की वैक्सीन वापस कर जाता है, बल्कि इसके साथ एक नोट भी छोड़कर जाता है. इस नोट में वह सॉरी लिखता है. इसके साथ ही लिखता है कि उसे नहीं पता था कि यह कोरोना की दवाई है. दरअसल, बुधवार रात को कोरोना वैक्सीन की डोज चोरी हो जाती है. लेकिन गुरुवार को दिन में 12 बजे चोर सिविल लाइन थाने के बाहर चाय की दुकान पर बैठे बुजुर्ग को एक थैला पकड़ा जाता है. चोर उस बुजुर्ग से कहता है कि यह थाने के मुंशी का खाना है. बुजुर्ग को थैला पकड़ाकर चोर वहां से चला जाता है. इसके बाद वह बुजुर्ग थैले को लेकर थाने में जाता है. जब पुलिस थैले को खोलती है तो उसमें वैक्सीन मिलती है. इसके साथ दो लाइन का नोट भी लिखा मिलता है. पुलिस के अनुसार, पर्ची में लिखा होता है कि सॉरी पता नहीं था कोरोना की दवाई है. अब यह नोट सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इसे काफी लोग शेयर कर रहे हैं और चोर के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि एक तरफ जब लोगों को दवाई नहीं मिल रही है और काफी लोग जमाखोरी भी कर रहे हैं तो एक चोर ऐसे लोगों को मानवता की सीख दे जाता है. बता दें कि कोरोना काल में चोरी की अनेक घटनाएं सामने आईं जिसमें कोरोना वैक्सीन की चोरी का मामला सबसे अलग निकला.