कोर्ट ने बढ़ाई सचिन वाजे की 7 अप्रेल तक कस्टडी।
संवाददाता/in24 न्यूज़।
एंटीलिया केस में गिरफ्तार मुंबई पुलिस के सस्पेंड एपीआई सचिन वाजे की कस्टडी 7 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। स्पेशल कोर्ट ने एनआईए को निर्देश दिए हैं कि वाजे को हर तरह की मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वाजे की हिरासत अवधि आज खत्म हो रही थी। इसके मद्देनजर एनआईए की टीम वाजे को लेकर स्पेशल कोर्ट पहुंची। कोर्ट लाने से पहले एनआईए ने वाजे की मेडिकल जांच भी कराई।एनआईए की स्पेशल कोर्ट ने जांच एजेंसी को निर्देश दिया कि 7 अप्रैल को अगली पेशी के दौरान वह वाजे के स्वास्थ्य और उनकी बीमारियों से रिलेटेड रिपोर्ट पेश करे। इससे पहले, सचिन वझे के वकील रौनक नाईक ने अदालत को एक एप्लीकेशन लिखी थी। जिसमें उन्होंने कहा कि वाजे को सीने में दर्द के साथ-साथ हार्ट में 90 प्रतिशत के दो ब्लॉकेज हैं। ऐसी हालत में वाजे को उनके कार्डियोलॉजिस्ट से मिलवाया जाए, ताकि उनका मेडिकल ट्रीटमेंट शुरू हो सके। सचिन वाजे को लेकर एनआईए ने एक नया खुलासा किया है। सूत्रों के मुताबिक, सचिन वाजे मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित एक 5 स्टार होटल के एक कमरे से कथित तौर पर फिरौती का एक रैकेट चला रहा था। होटल के कमरा नंबर 1964 को जावेरी बाजार के एक बिजनेसमैन ने 100 दिनों के लिए बुक किया था, जिसके लिए 12 लाख का भुगतान किया जा चुका था। एनआईए की जांच में सामने आया है कि सचिन वाजे के लिए मुंबई के एक ट्रैवल एजेंट ने सोना कारोबारी के कहने पर 19 वें फ्लोर पर कमरा नंबर 1964 बुक करवाया था। आईडी प्रूफ में होटल को उनका फेक आधार कार्ड दिया गया था, जिसमें वाजे का नाम सुशांत सदाशिव खामकर दर्ज था। केंद्रीय जांच एजेंसी को होटल से कई सबूत हाथ लगे हैं। इनमें सीसीटीवी फुटेज, बुकिंग रिकॉर्ड और स्टाफ का बयान शामिल है।