ग्रेटर नोएडा में सुबह सबेरे लड़की का अपहरण
संवाददाता/in24 न्यूज़.
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सादोपुर के पास सुबह सैर करने निकली छात्रा का कुछ कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बदमाश सुबह-सुबह कार से आए और लड़की को बैठाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस की चार टीमें लड़की की तलाश में जुट गई हैं। बता दें कि छात्रा के साथ उसके भाई-बहन भी थे, जिनका अपहरण करने की भी कोशिश की गई थी लेकिन बदमाश नाकाम रहे। इस घटना की जानकारी के बाद से ही ग्रामीणों में नाराजगी है और इसी के चलते उन्होंने जीटी रोड जाम कर दिया है। दादरी स्थित बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के सादोपुर गांव से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली बीए अंतिम वर्ष की छात्रा का वैन सवार तीन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। सादुल्लापुर रेलवे फाटक से तीन छोटे बहन भाइयों के साथ दौड़ लगाकर लौटने के दौरान बदमाशों ने पहले छोटी बहन को अगवा करने की कोशिश की। बड़ी बहन ने छोटी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया लेकिन बदमाश पीड़िता को अगवा कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस की कई टीमें छात्रा और बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं। सादोपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय पाल की पुत्री स्वाति बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है। स्वाति अपनी छोटी बहन खुशी, भाई भानु और किट्टू के साथ गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। चारों भाई बहन सादुल्लापुर रेलवे फाटक तक दौड़ लगाकर वापस लौट रहे थे। इसी बीच एक वैन उनके पास आकर रुकी वैन में तीन बदमाश सवार थे। बदमाशों ने खुशी को अगवा करने की कोशिश की। पीड़िता स्वाति अपनी बहन को बचाने के लिए बदमाशों के पास पहुंच गई और उसे उनके चंगुल से छुड़ा लिया। लेकिन बदमाशों ने स्वाति को काबू कर लिया और उसे अगवा कर वैन से फरार हो गए। बता दें कि आगे की जांच में पुलिस जुट गई है।