Breaking News

चिकेन खाने के नाम पर दो दोस्त में झगड़ा और चाकू से हमला

04 Dec, 2022 790

संवाददाता/in24 न्यूज़.
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में चिकेन खाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। दोनों साथ में ही कहीं काम करने गए थे। इसी दौरान खाना खाने के वक्त दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ललितपुर नोनियाटांगर गांव में ददनराम के यहां खेती-किसानी से संबंधित कुछ काम चल रहा था। जिसके लिए शनिवार को मजदूरी करने भुवनेश्वर नागवंशी और रंजीत बरगाह अपने कुछ साथियों के गए थे। दोनों ने मिलकर साथ में काम भी किया था। इसके बाद शाम को ददनराम के यहां ही खाने पीने की व्यवस्था थी। काम के बाद सभी साथ में खाना-खाने बैठे थे। बताया गया कि खाने के वक्त ही भुवनेश्वर और रंजीत के बीच विवाद हो गया। दोनों चिकेन खाने की बात पर झगड़ने लगे थे। इतने में रंजीत ने वहीं पास में रखा चाकू उठाया और भुवनेश्वर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आस-पास के लोगों ने उसे रोका भी। मगर वह नहीं माना। उसने कई बार तबाड़तोड़ हमला किया। घटना के बाद आरोपी मौके से ही भाग निकला। हमले में भुवनेश्वर खून से लथपथ हो गया। जिसके बाद ददनराम और उसके साथियों ने उसे रात के वक्त ही पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यहीं उसका उपचार जारी है। घटना की शिकायत पुलिस से भी की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

अन्य खबरे