ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, एक महिला सहित नाइजीरियन चढ़ा पुलिस के हत्थे
22 Dec, 2021
701
संवाददाता/ in24 न्यूज़
नए साल के आगमन के लिए कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं, ऐसे में नए साल का स्वागत करने के लिए लोग अभी से तैयारी कर रहे हैं. लेकिन इस स्वागत में कुछ ऐसे भी लोग हैं जो रंग में भंग डालने का काम करते हैं. यह कोई और नहीं बल्कि ड्रग तस्कर (drug smuggler) हैं जो प्रतिबंधित ड्रग्स की तस्करी करते हैं और युवाओं के खून में जहर भरने का काम करते हैं. इनके निशाने पर अक्सर युवा वर्ग ही रहते हैं. लेकिन इन ड्रग तस्करों को रोकने के लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है.
खबर है मुंबई (mumbai) से सटे ठाणे (thane) के मुंब्रा (mumbra) इलाके की, जहां मुंब्रा पुलिस को मुखबिर द्वारा ड्रग्स तस्करी की एक बड़ी खबर मिली थी जिसके बाद ड्रग तस्करों के खिलाफ मुंब्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ठाणे जिले की मुंब्रा पुलिस ने अपनी दो दिन की कड़ी मेहनत में करीब 14 से 15 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की गयी है जिसकी कीमत करीब 22 लाख रुपए के आसपास बताई जा रही है. इस मामले में मुंब्रा पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक और एक महिला को भी हिरासत में लिया है.
नाइजीरियाई नागरिक का नाम इजोबोलिया सुंडे बताया जा रहा है जिसकी उम्र 33 साल के आसपास। जिस महिला को नाइजीरियन नागरिक इजोबोलिया सुंडे ड्रग बेचने की कोशिश कर रहा था, उस महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, महिला का नाम शमा अमन सैय्यद बताया जा रहा है, जो नाइजीरियाई ड्रग तस्कर से ड्रग्स लेकर पैडलिंग का काम करती थी. अब मुंब्रा पुलिस गिरफ्तार कथित ड्रग तस्करों के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.