बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ को मिली धमकी की खबर निकली झूठी
एंटरटेनमेंट/डेस्क/in24 न्यूज़।
बॉलीवुड इंडस्ट्री से जहां लगातार कलाकारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा हैं सलमान खान को जान से मारने की धमकी के बीच मुंबई पुलिस की कंट्रोल रूम को एक फोन कॉल आया, जिसने हर किसी की नींद उड़ा दी। फोन करने वाले ने कहा कि टाइगर श्रॉफ को जान का खतरा है। उसे मारने के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी दी गई है। पुलिस ने झटपट एक्शन लिया और इस मामले में पंजाब के रहने वाले एक 35 वर्षीय शख्स को हिरासत में लिया है। हालांकि, गनीमत है कि जांच के बाद यह मामला फर्जी निकला है। टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उनको लेकर यह दावा करने वाला शख्स झूठ बोल रहा था। मुंबई के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पंजाब के रहने वाले 35 वर्षीय मनीष कुमार सुजिंदर सिंह को हिरासत में लिया गया है। उस पर बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को 'जान से मारने की धमकी' के बारे में मुंबई कंट्रोल रूम को झूठी सूचना देने का आरोप है .
खार पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया, इस व्यक्ति की पहचान मनीष कुमार के रूप में की गई है। उसने झूठा दावा किया कि 35 साल के एक्टर को मारने के लिए कुछ व्यक्तियों को एक हथियार और 2 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस शख्स ने मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया था। उसने फोन पर कहा कि एक सिक्योरिटी एजेंसी के कुछ लोग टाइगर श्रॉफ को मारने जा रहे हैं।पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पाया कि यह दावा झूठा था। मुंबई पुलिस ने मनीष कुमार सुजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पंजाब पुलिस को भी इसकी जानकारी दी है, उन्होंने आरोपी को हिरासत में लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है।