दुष्कर्म पीड़ित युवती ने फांसी लगाने की कोशिश की
उत्तर प्रदेश में सरकार लाख कोशिश कर रही है कि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लग सके, बावजूद अपराध के अनेक मामले सामने आ रहे हैं. उत्तर प्रदेश जिले के मारकुंडी थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक पर शादी का झांसा देकर बलात्कार करने और फिर गर्भपात कराने का मामला दर्ज कराने वाली एक 21 साल की लड़की ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। पीड़िता ने सुसाइड नोट में गांव वालों के तानों से परेशान होकर और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाने का जिक्र किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि छात्रा ने मारकुंडी थाने में 13 नवंबर को गांव के युवक सुरेंद्र दुबे के खिलाफ शादी का झांसा देकर बलात्कार करने और उसके चार परिजनों पर आठ माह पूर्व शादी की बातचीत के बहाने अपने घर बुलाकर जबरन गोलियां खिलाकर गर्भपात कराने का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि 21 वर्षीय छात्रा ने बुधवार को अपने घर में दुपट्टे से फांसी का फंदा कसकर आत्महत्या की कोशिश की । लेकिन परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे बचा लिया । अधिकारी ने बताया कि लड़की ने यह कदम उठाने से पूर्व एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिस पर उसने ग्रामीणों के तानों से परेशान होकर और पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न किये जाने से क्षुब्ध होने पर आत्महत्या किये जाने का जिक्र किया है। यह सुसाइड नोट पुलिस के पास है। मारकुंडी के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रमेशचन्द्र ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने बुधवार को बेहोशी की हालत में छात्रा को इलाज के लिए मानिकपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती करवाया है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है, फिलहाल अभी इलाज चल रहा है. एसएचओ ने बताया कि छात्रा द्वारा आरोपित सुरेंद्र दुबे और उसके परिवार के चार अन्य सदस्य घर से भागे हुए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस मामले की जांच में पुलिस जुट गई है.