देश में फैलता सेक्सटॉर्शन का मकड़जाल !
22 Nov, 2022
592
क्राइम डेस्क/in24 न्यूज़/पुणे
इन दिनों देश में सेक्सटॉर्शन की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. जिसको लेकर सरकार के साथ-साथ जांच एजेंसियां भी गंभीर है. इसी कड़ी में महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने राजस्थान के एक गांव से एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसकी उम्र 29 साल के आसपास है. पुणे पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कथित आरोपी एक 19 वर्षीय युवक की आत्महत्या से जुड़े मामले में शामिल है. बीते दिनों एक महिला द्वारा सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल किए जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली थी. पुलिस का कहना है कि मृतक युवक सोशल मीडिया के जरिए कथित महिला के संपर्क में आया था. इस मामले में पुणे पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले से जिस आरोपी को अपनी गिरफ्त में लिया है, उसका नाम अनवर सुभान खान बताया जा रहा है, जो लक्ष्मणगढ़ इलाके के गोथरी गुरुगांव का रहिवासी बताया जा रहा है.
पुलिस का इस मामले में यह कहना है कि गिरफ्तार युवक को झारखंड के जामताड़ा गांव की तरह ही गांव के कई युवाओं के साथ पुणे शहर में ऑनलाइन सेक्सटॉर्शन के लिए ट्रेनिंग दी गई थी. बता दें कि बीते 28 सितंबर को दत्तावाड़ी इलाके में एक अपार्टमेंट की इमारत में दसवीं मंजिल से कूदकर एक युवक की मौत हो गई थी. मृतक युवक अपनी बहन के साथ रहता था. कथित युवक की मौत के बाद उसकी बहन ने दत्ता वाड़ी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस को जांच के दौरान यह पता चला कि मृतक युवक की बहन को एक दिन उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'हेलो' मैसेज के बाद एक फोटो मिली, जो उसके भाई की नग्न अवस्था में फोटो थी और उसके साथ एक वीडियो का स्क्रीनशॉट भी था. शिकायतकर्ता ने ही बताया कि जिस व्यक्ति ने उसे फोटो भेजी थी, उसने उसे देखते ही हटा दिया. वहीं दूसरी ओर शिकायतकर्ता को एक लड़की का फोन आया, जो उसके भाई की दोस्ती थी. उसने बताया कि उसका भाई बेहद परेशान था, क्योंकि कोई उसे ऑनलाइन ब्लैकमेल कर रहा था. जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि कुछ दिनों पहले प्रीति नाम की एक महिला ने मृतक से उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर संपर्क किया था. उस दौरान ऑनलाइन बात करने के बाद युवक की आपत्तिजनक हालत में वीडियो और फोटो उसने खींच ली थी. जिसके बाद सोशल मीडिया पर उसे वायरल करने की धमकी देकर कथित महिला उससे पैसों की मांग कर रही थी. पुलिस के मुताबिक मृतक ने 28 सितंबर को ब्लैकमेल करने वाली महिला को तीन किस्तों में 4500 रुपए दे दिए, लेकिन धमकी का सिलसिला लगातार जारी रहा. ब्लैकमेलरों ने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो वायरल कर दी, जिससे आहत होकर कथित लड़के ने आत्महत्या कर ली. इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अपनी जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने यह पाया कि इस मामले में गोथरी गुरु गांव का रहने वाला अनवर खान नाम का शख्स शामिल है. गौर करने वाली बात यह है कि पुलिस की टीम आरोपी को पकड़ने जब गांव गई तो उसके परिवार के सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस पर पथराव किया, लेकिन पुलिस सब इंस्पेक्टर अक्षय सरवदे के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने दो किलोमीटर पीछा करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि खान इस मामले का मास्टरमाइंड है. और वह गांव के युवाओं को प्रशिक्षण देता था. फिलहाल पुणे पुलिस कथित आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है.