पिता और दो बेटों को मारकर कुएं में फेंकने से मचा हड़कंप
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक ही परिवार के पिता और दो बेटों को मारकर कुंए में फेकने का हैरान करनेवाला मामला मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र के देवरुंडा गांव से सामने आया है। इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शव एक कुएं से बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात्रि देवरुंडा गांव के एक कुएं से लक्ष्मण धावर (35) और उसके दो बेटे विशाल (13) और पुष्कर (08) का शव बरामद किया गया। तीनों के शव रस्सी से बंधे थे, ऐसे में आशंका है कि उनकी हत्या करने के बाद शव को रस्सी में बांध कर कुएं में फेंका गया है। पुलिस ने तीनों के शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस के मुताबिक़ हत्या का कारण जमीन विवाद होने का शक है। 35 वर्षीय किसान लक्ष्मण पुत्र मांगू भाभर निवासी ग्राम देवरूंड़ा रविवार सुबह खराब मोटर सुधारने खेत गया था। वहां उसने मोटर को कुएं से बाहर निकाल रखा था। शाम तक जब किसान और उसके बच्चों को ढूंढने के लिए परिजन सक्रिय हुए। कुएं के पास गए तो वहां मोटर और लक्ष्मण नहीं दिखे। शंका होने पर कुछ युवकों ने कुएं में उतरकर तलाशने की कोशिश की। वहां उन्हें तीनों के शव पानी की मोटर से बंधे दिखाई दिए। तीनों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। सूचना मिलने पर सैलाना थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह सेंगर दल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। इस घटना की आसपास के इलाकों में जमकर चर्चा हो रही है।