पैसों के लालच में पोते ने अपने ही दादा को घायल कर लाखों लूटे, तीन नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार
05 Jan, 2022
754
संवाददाता/ in24 न्यूज़
नवी मुंबई (navi mumbai) के तलोजा (taloja) इलाके से नवी मुंबई क्राइम ब्रांच ने बुजुर्ग नागरिक के साथ लूटपाट करने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें तीन आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं. गिरफ्तार आरोपियों में पीड़ित बुजुर्ग का पोता भी शामिल है, जो लूट की इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है. आपको बता दें कि नवी मुंबई के तलोजा इलाके में 62 वर्षीय देवीदास पाटिल नाम के एक बुजुर्ग अपने ऑफिस में अकेले बैठे हुए थे. बुजुर्ग को अकेले ऑफिस में देख कर अज्ञात बदमाश वहाँ पहुँच गए और उन्होंने देवीदास पाटिल को कुछ समझने का मौका तक नहीं दिया। इससे पहले देवीदास पाटिल कुछ समझ पाते कि कथित बदमाशों ने लोहे के पाने से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें बुरी तरह से जख्मी कर कथित बदमाश उनके सोने की चैन, ब्रेसलेट, अंगूठी, घड़ी और महंगा मोबाइल लूट कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर तलोजा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू की. चूँकि मामला बेहद गंभीर था इसलिए इस मामले की जांच तलोजा पुलिस स्टेशन की टीम के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी कर रही थी. सबसे पहले पुलिस ने ये पता लगाया कि पीड़ित बुजुर्ग देवीदास पाटिल अपनी ऑफिस में अकेले ही थे इस बात को जानकारी किस-किस को थी, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम को पीड़ित बुजुर्ग के पोते पर संदेह हुआ और बड़ी बारीकी से पूछताछ की. जब पुलिस ने थोड़ी सख्ती दिखाई तो पीड़ित देवीदास पाटिल का पोता टूट गया और उसने किसी रट्टू तोते को तरह सब कुछ पुलिस को बता दिया जिससे पुलिस भी चौंक पड़ी. बुजुर्ग देवीदास पाटिल के नाबालिग पोते ने पुलिस को बताया कि उसने ही अपने साथियों को दादा के अकेले ऑफिस में होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसके साथियों ने देवीदास पाटिल को लूटने का प्लान बनाया और हथियार लेकर उन्होंने जबरन लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के नाबालिग पोते के बयान के आधार पर उसके दो साथियों के साथ उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने देवीदास पाटिल के पोते के साथ जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनके नाम हैं- शाहरुख राशिद कुरैशी, उम्र -21 साल और जुबैर कादिर खान, उम्र - 24 साल. इसके साथ ही कथित आरोपियों ने देवीदास पाटिल पर हमला करने के बाद जो 27 तोला सोना और महंगा मोबाइल लूटा था उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. इसके अलावा लूट को अंजाम देने के लिए कथित आरोपियों ने जो लोहे का पाना और एक्टिवा गाड़ी का इस्तेमाल किया था पुलिस ने उसे भी बरामद करके जब्त कर लिया है. बहरहाल बुरे लोगों की संगत में रहने का कितना गलत असर बच्चों पर पड़ता है इसकी चर्चा पूरे तलोजा क्षेत्र में हो रही है.