फर्जी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट बनाने वाले 2 गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़
मुंबई (mumbai) सहित महाराष्ट्र (maharashtra) भर से ओमीक्रॉन (omicron) के मरीज सामने आ रहे हैं. ओमीक्रॉन के खतरे को देखते हुए सरकार की तरफ से तमाम पाबंदियां भी लगाई जा रहे है, सरकार द्वारा बनाये गए नियम के अनुसार कहीं भी आने जाने के लिए यूनिवर्सल पास (universal pass) का होना आवश्यक है. यूनिवर्सल पास बनाने के लिए वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट (vaccination certificate) का होना अनिवार्य है. लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाया है, जिसकी वजह से वे कहीं भी आ-जा नहीं पा रहे हैं, तो ऐसे लोगों ने फर्जी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट बनवाना शुरू कर दिया। हैरान कर देने वाली बात यह है कि ऐसे फर्जी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट मात्र कुछ पैसे देकर लोग धड़ल्ले से खरीद भी रहे हैं. इसी कड़ी में मुंबई के कुर्ला इलाके से पुलिस ने फर्जी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट बनाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गए दोनों आरोपियों के नाम हैं ज़ुबैर शेख और अल्फेज़. मूलरूप से ये आरोपी यूपी के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और वर्तमान में मुंबई के वडाला इलाके के शांति नगर परिसर में रहते हैं. ये दोनों आरोपी ग्राहको से डॉक्युमेंट लेकर प्रतापगढ़ भेजते थे और वहां से फर्जी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट मंगवा लेते थे. इसके बदले ये लोग ग्राहकों से 2 से 3 हजार रुपए वसूल करते थे.
जब पुलिस को इस गोरखधंधे की खबर लगी, तो पुलिस ने इनके पास एक नकली ग्राहक भेजा और उसके आधार पर जाल बिछा कर इन दोनों आरोपियों को कुर्ला इलाके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के खिलाफ ठगी और एपेडेमिक डिसीज एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. साथ ही पुलिस इनसे यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि इन्होने अब तक इस तरह से कितने फर्जी वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट बनाए हैं और किस किस को दिया है?