Breaking News

फेसबुक पर महिला दोस्त बनकर दोस्त को लूट लिया

13 Jun, 2021 891

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज के दौर में ज्यादातर लोग सोशल नेटवर्किंग से जुड़े हुए हैं। जाहिर है इस सुविधा के तहत कभी अच्छे लोग मिलते हैं तो कभी ऐसे लोग जो दोस्ती के नाम को कलंकित करने से बाज नहीं आते। हिमाचल प्रदेश के घुमारवीं पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर मामले के आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा -420 तथा आईटी एक्ट की धारा-66 डी के तहत आपराधिक मामला दर्ज करके मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता का कहना है कि फेसबुक अकाउंट पर एक महिला ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसे शिकायतकर्ता ने स्वीकार कर लिया। शातिर महिला ने शिकायतकर्ता से उसका व्हाट्सऐप नंबर ले लिया। उसके बाद महिला ने शिकायतकर्ता के साथ चैटिंग शुरू कर दी। 4 जून को महिला ने कहा कि उसने शिकायतकर्ता के लिए अफगानिस्तान से एक तोहफा भेजा है। 7 जून को यह गिफ्ट दिल्ली में पहुंचता है। शिकायतकर्ता ने जब इस पैकेट को ट्रैक किया तो उसकी लोकेशन दिल्ली ही पाई गई। शिकायतकर्ता को एक कॉल आती है, जिसमें कहा जाता है कि वह कोरियर सर्विस से बोल रहा है। यह भी कहा गया कि यह कोरियर विदेश से आया हुआ है। इसके चार्जेज अदा करने पड़ेंगे। आरोपित व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को एक अकाउंट नंबर दिया और कहा कि इस अकाउंट नंबर में 27200 रुपए जमा करवा दो। शिकायतकर्ता इन लोगों के जाल में फंसता गया और उक्त रकम बताए गए अकाउंट नंबर में जमा करवा दी। उसके बाद फिर फोन आता है कि इस कोरियर के लिए एक प्रमाण पत्र लेना पड़ेगा। प्रमाण पत्र लेने के एवज में बदमाशों ने 75800 रुपए और ऐंठ लिए। उसके बाद इन ठगों ने एक ईमेल आईडी भेजी। इस ईमेल आईडी को एसबीआई के नाम से बनाया गया था। शिकायतकर्ता ने एसबीआई की साइट पर ई-मेल को चैक किया, तो फर्जी पाई गई। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बहरहाल, जो लोग फेसबुक पर बिना सोचे समझे अंजान लोगों से दोस्ती कर लेते हैं, उन्हें स्वधानी से ही दोस्ती की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।

अन्य खबरे