बदमाशों ने यात्रियों से भरी बस को किया गायब
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आगरा को दुनिया भर में ताज नगरी के रूप में जाना जाता है, मगर अपराध करनेवाले बेख़ौफ़ अपने काम को अंजाम दे रहे हैं. बता दें कि यात्रियों से भरी एक बस को बदमाशों ने गायब कर दिया है. बदमाशों ने बस को हाईजैक करने के बाद और ड्राइवर-कंडक्टर को बंधक बना लिया। खबर है कि आगरा शहर में न्यू दक्षिणी बाइपास पर मंगलवार देर रात जा रही बस पर बदमाशों ने कब्जा कर लिया। जाइलो गाड़ी से ओवरटेक करके बस रोक ली। इसके बाद बदमाश बस में सवार हो गए। कुबेरपुर तक उन्हें साथ ले गए। इसके बाद हाईवे पर उतारकर बस को सवारियों समेत ले गए। तड़के चालक ने मलपुरा थाने में जाकर सूचना दी। बस में 34 सवारी बैठी थीं। अब तक पुलिस को बस और सवारियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। ग्वालियर के डबरा निवासी रमेश स्लीपर बस में 34 सवारी लेकर मंगलवार शाम को गुरुग्राम से पन्ना में अमानगंज को निकले थे। रात साढ़े दस बजे वे दक्षिणी बाइपास के रायभा टोल प्लाजा के पास पहुंचे। वहां उन्हें दो जाइलो में सवार आठ- नौ युवक मिले। उन्होंने प्लाजा पर ही खुद को फाइनेंसकर्मी बताकर बस को रोक लिया। चालक से बस से नीचे उतरने को कह रहे थे। मगर, जिरह के बाद चालक वहां से बस को लेकर आगे चल दिया। जाइलो गाड़ी सवार बस का पीछा करते रहे। मलपुरा क्षेत्र में न्यू दक्षिणी बाइपास पर ही उन्होंने जाइलो गाड़ी से बस को ओवरटेक करके रोक लिया। चालक और परिचालक को जबरन बस से नीचे उतारकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। बस में चार साथी बैठ गए और खुद ही बस को चलाने लगे। चालक के मुताबिक, यहां से वे बस को ग्वालियर रोड पर उतारकर सैंया ले गए। सैंया से फतेहाबाद होते हुए लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पहुंचे। यहां एक्सप्रेस वे के नीचे स्थित ढाबे पर खाना खाया। परिचालक से सवारियों के रुपये वापस कराए और सवारियों समेत बस लेकर फिर चल दिए। चालक और परिचालक को दिल्ली-कानपुर हाईवे पर कुबेरपुर के पास छोड़ गए। चालक और परिचालक ने मलपुरा थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। तब पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस बस के बारे में आगे के टोल प्लाजा से संपर्क कर जानकारी करने का प्रयास कर रही है। चालक और परिचालक से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी बबलू कुमार भी थाना मलपुरा पहुंच गए। उनका कहना है कि अभी तक बस और उसमें बैठी सवारियों के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। ऐसे में समझा जा सकता है कि बदमाशों के हौसले किस कदर बढे हुए हैं.