Breaking News

बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या

21 May, 2020 846

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
दुनिया कोरोना वायरस की महामारी से लड़ रही है बावजूद इसके अपराध की घटनाएं जारी हैं. बुलंदशहर के ककोड थाना क्षेत्र के गांव धनौरा में बाइक सवार बदमाशों ने पूर्व प्रधान के पिता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में परिजनों ने पुलिस को तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी पूर्व प्रधान के बुजुर्ग पिता कालीचरण (80वर्ष) पुत्र अमीचंद करीब पांच वर्ष से कोतवाली के सामने सुरेन्द्र सोलंकी के मकान में बतौर किराए पर रहते थे। बुधवार की देर शाम दूध लेने गांव शेरपुर स्थित सलीमन के घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोली कालीचरण के पीठ, बाजू और सिर में जा लगीं। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में गुरुवार को मृतक के परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मिथलेश उपाध्याय ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी कोई पता नहीं लगा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

अन्य खबरे