Breaking News

भाग रहे चोर को पुलिस जवान ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ा कर पकड़ा

22 Nov, 2021 646
 
 

मुंबई पुलिस में सिपाही के पद पर काम करने वाले श्रीकांत देशपांडे की चर्चा पूरे शहर में हो रही है. पुलिस कांस्टेबल श्रीकांत शिंदे आम जनता के बीच सिंघम बन कर उभरे हैं. मुंबई के दहिसर पुलिस स्टेशन में बतौर पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत श्रीकांत देशपांडे ने एक ऐसे शातिर चोर को अपनी जान पर खेल कर पकड़ा जो एक महिला का मोबाइल छीनकर भाग रहा था. दरअसल मामला दहिसर रेलवे स्टेशन का है, जहां चलती ट्रेन में सवार एक महिला का मोबाइल फ़ोन इस शातिर आरोपी ने कथित रूप से छीन लिया और चलती लोकल ट्रेन से कूद पड़ा. महिला की आवाज़ सुनकर ट्रेन में सवार पुलिस कांस्टेबल श्रीकांत देशपांडे ने भी चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, और उसके बाद रेलवे ट्रैक पर से भाग रहे शातिर चोर को श्रीकांत ने फुर्ती दिखाते हुए पकड़ लिया. इस पूरे घटनाक्रम को जिसने भी देखा उसने दांतों तले उंगलियां दबा ली. हर कोई हैरान था लेकिन जब पुलिस कॉन्स्टेबल श्रीकांत देशपांडे ने भाग रहे चोर को जैसे ही पकड़ा, मौके पर मौजूद हर कोई श्रीकांत देशपांडे का कायल हो गया.

दरअसल दहिसर पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिस कांस्टेबल श्रीकांत देशपांडे अपनी ड्यूटी समाप्त करके लोकल ट्रेन से अपने घर जा रहे थे कि उसी दौरान चोरी की वारदात का मंजर उन्होंने अपने आंखों से देखा और फिर बहादुरी का परिचय देते हुए श्रीकांत देशपांडे ने कथित चोर को पकड़ कर जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया.  यह सारी घटना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी में कैद हो गयी. हालांकि यह घटना 8 नवंबर की है. लेकिन इसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है. इस घटना के बाद दहिसर समेत पूरे मुंबई शहर में हर कोई मुंबई पुलिस के इस जांबाज पुलिस कांस्टेबल की तारीफ़ कर रहा है.

अन्य खबरे