महिलाओं को अपने प्यार के झांसे में फंसा कर उन्हें लूटने वाला गिरफ्तार
संवाददाता/ in24 न्यूज़
कहते हैं दूल्हा दुल्हन की जोड़ी ईश्वर के यहां ही तय कर दी जाती है, और यह ऊपर वाले के यहां से बनकर आती है लेकिन आज वर्तमान में जो घटनाएं सामने आ रही है उससे ऐसा लगता है कि दूल्हा दुल्हन की जोड़ियां ईश्वर के यहां नहीं, बल्कि सोशल मीडिया (social media) पर बनने लगी है. आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर जिस तरह से आपसी रिश्ते बन रहे हैं, उसके दुष्परिणाम भी सामने आने लगे हैं.
खबर है आर्थिक राजधानी मुंबई की, जहां साइबर सेल (cyber cell) की टीम ने एक ऐसे नटवरलाल को गिरफ्तार किया है, जो मैट्रिमोनियल और जॉब साइट पर तलाकशुदा और सिंगल महिलाओं को अपने प्यार के जाल में फांस लेता था और उनसे मोटी रकम वसूल कर फरार हो जाता था. मुंबई पुलिस की साइबर सेल की टीम की गिरफ्त में आया यह नकाबपोश क्रिमिनल साइकोलॉजी में मास्टर है और इस समय यह एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है लेकिन इसकी फितरत में कुछ और है जिसकी वजह से आज यह पुलिस की गिरफ्त में है. इस आरोपी का नाम सतीश गरुड़ बताया जा रहा है जो दिमाग से बेहद शातिर है. गौर करने वाली बात यह है कि सतीश गरुड़ के कारनामों पर से जब रहस्य का पर्दा उठने लगा मौके पर मौजूद पुलिस भी अवाक रह गई. पुलिस के मुताबिक सतीश गरुड़ के निशाने पर अक्सर वही महिलाएं होती थी जो प्यार की तलाश में मैट्रिमोनियल साइट पर सक्रिय रहती थी. यह बड़ी आसानी से महिलाओं से पहले दोस्ती कर लेता और फिर बड़ी शातिरता के साथ उन्हें अपने प्यार के जाल में फांस लेता। सबसे बड़ी बात यह है कि जब कोई भी महिला इसकी प्यार के झांसे में आ जाती तो उसके बाद यह अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे पैसों की मांग करता था. इस बहुरुपिए ने मैट्रिमोनियल साइट पर अलग-अलग नामों से लगभग 10 फर्जी आईडी बना रखी थी ताकि यह किसी की पकड़ में आसानी से ना आ सके, इसके अलावा इसकी शातिर निगाहें उन महिलाओं पर भी रहती, जो जॉब साइट पर नौकरी तलाशती थीं. महिलाओं को जॉब दिलाने के नाम पर यह शातिर नटवरलाल उन्हें अपनी ठगी का शिकार बनाता था.
इस नटवरलाल की कारगुजारी पर से पर्दा तब उठा, जब एक महिला ने इस पर अश्लील तस्वीर के एवज में 50 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज की और इन्वेस्टिगेशन का कारवां जब आगे बढ़ा तो सारी सच्चाई परत दर परत सामने आ गई. फिलहाल यह नटवरलाल जा पहुंचा है सलाखों के पीछे, जहां पुलिस इसका पिछला अपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है.