Breaking News

महिलाओं को छेड़नेवाले शराबी पुलिसकर्मी ने रोकने पर चलाई गोली

02 Dec, 2020 755

संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश में लाख कोशिशों के बाद आपराधिक गतिविधियां रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से खाकी वर्दी को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जहां एक पुलिसकर्मी महिलाओं के साथ छेड़खानी कर रहा था और जब उसकी इस हरकत का एक शख्स ने विरोध किया तो उसने उसे गोली मार दी। घायल व्यक्ति किशनलाल को इलाज के लिए वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान सर्वेश के रूप में हुई है। आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में रविवार की रात एक शादी समारोह हो रहा था। उस रात नशे में धुत पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर कुछ महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। महिलाएं गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थीं। पुलिसकर्मी और उसके दोस्त सड़क पर शराब पी रहे थे और महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब मौके पर मौजूद एक शख्स किशनलाल ने आपत्ति की, तो झगड़ा शुरू हो गया। विवाद हिंसक हो गया और पुलिसकर्मी ने किशनलाल को गोली मार दी। गोली लगते ही किशनलाल लहूलुहान हो गया। घायल के भाई गोविंद ने गांव के सर्वेश (उत्तर प्रदेश पुलिस), गौतम कुमार, चंद्रभान, बृजेश के विरुद्ध नामजद तहरीर दी। वहीं वारदात में घायल को इलाज के लिए रोहनिया वाराणसी में ले जाया गया है. एसपी सिटी ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी सर्वेश गोंडा कोतवाली में तैनात है और छुट्टी पर घर आया था। शराब के नशे में उसने कट्टे से गोली मारी है। घायल युवक अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस ने सिपाही समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत भी हो गई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार कोशिश में हैं कि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लग सके, बावजूद इस तरह की घटना सामने आई है. रक्षक ही जब भक्षक बन जाएं तो सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगना स्वाभाविक है.

अन्य खबरे