मासूम बच्ची को आवारा कुत्तों ने मार डाला
संवाददाता/in24 न्यूज़।
कुत्ते को भले ही वफादार कहा जाता है और यह सच भी है, मगर जब कुत्ते अपनी ठान लेते हैं तब उनकी छवि पलभर में जानलेवा हो जाती है। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाड़ाबास गांव में आवारा कुत्तों ने एक छह वर्षीय बालिका को नोच नोच कर मौत के घाट उतार दिया। कुत्तों ने बालिका को इतना काट खाया कि उसे बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने बालिका को अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ बालिका ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक बालिका के पिता सोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह दिहाड़ी मजदूरी करने खेत पर गया था। उसकी बेटी अमनदीप कौर खेत में उसे पानी देने आ रही थी। बीच रास्ते में 10 से 15 कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने इतना काट लिया कि मासूम के शरीर का कोई अंग ऐसा नहीं बचा था जहां से खून नहीं निकल रहा था। जिसके कारण वह पूरी तरह खून से लथपथ हो चुकी थी। किसी पडोसी की निगाह पड़ी तो उसने उसे कुत्तों से छुड़ाया। इसके बाद उसे रामगढ़ के अस्पताल लेकर आए। यहां के अस्पताल से अलवर रैफर कर दिया। अलवर में बच्ची का दम टूट गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दुख है। ग्रामीणों का कहना है कि जानवरों के काटने की घटना है। हमें जानवरों के नेचर को देखकर सावधानी बरतने की जरूरत है। पुलिस ने मृतक बालिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। आवारा कुत्तों पर लगाम कबतक लग पायेगा लोगों को इसी बात का इंतज़ार है।