यूपी में 88 अपराधियों के खिलाफ रासुका, अब अपराधियों की खैर नहीं
संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश में अपराधियों की अब खैर नहीं, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ठान लिया है कि हर कीमत पर उन्हें सबक सिखाया जायेगा. बता दें कि आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद मुख्यमंत्री योगी ने अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है. राज्य में पिछले एक सप्ताह में गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान के तहत योगी आदित्यनाथ सरकार ने 88 अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगा दिया है. उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव-सह-प्रमुख सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने मंगलवार को कहा कि पिछले एक सप्ताह में 67 मामलों में 88 लोगों के खिलाफ एनएसए लगाया गया है. बुधवार को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के करीबी सहयोगी अमर दुबे को एक एनकउंटर में मार गिराया. एसटीएफ आईजी अमिताभ यश ने बुधवार को कहा कि अमर दुबे विकास दुबे का करीबी सहयोगी हमीरपुर में उत्तर प्रदेश टास्क फोर्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया है. विकास दुबे कानपुर एनकाउंटर मामले का मुख्य आरोपी है. विकास दुबे की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर ढाई लाख कर दी गई है. जनवरी से अब तक राज्य में गैंगस्टर अधिनियम के तहत 1,889 मामले दर्ज किए गए हैं और इस सप्ताह अधिनियम के तहत 26 करोड़ रुपये की संपत्ति संलग्न की गई है. इस वर्ष एनएसए 120 मामलों में लगाया गया है, जिनमें से 63 गोहत्या, 3 महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में और 13 अन्य जघन्य अपराधों से संबंधित हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों पर सख़्ती के निर्देश दिए हैं. उन्होंने एक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पुलिस अधिकारियों को खुली छूट दे दी. सीएम ने अपराधियों पर कानूनी कार्रवाई के साथ ही गैंग की आर्थिक मोर्चे पर भी कमर तोड़ने को कहा है. यानी इतना तय है कि सरकार के इस कड़े कदम के बाद अपराधियों की अब खैर नहीं.