रास रचाते पुलिस कांस्टेबल की निर्वस्त्र करके धुनाई
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अक्सर देखा जाता है कि जब कोई अपराधी पुलिस की पकड़ में आता तो उसकी ख़ातिरदारी जमकर की जाती है, मगर राजस्थान में तो पुलिस की खातिरदारी ग्रामीणों ने ही कर दी. उदयपुर में एक पुलिस कांस्टेबल को गांव के ही कुछ लोगों ने पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा है। आरोप है कि पुलिसकर्मी के गांव की एक विधवा महिला से अवैध संबंध थे। मामला राजस्थान के उदयपुर से सामने आया है। राजपुरा बानघाटी में पुलिस कांस्टेबल लालूराम खराड़ी (43) को स्थानीय ग्रामीणों ने 40 वर्षीय विधवा महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। कांस्टेबल लालूराम को लोगों ने निर्वस्त्र कर मारपीट की और रस्सी से पेड़ से बांध दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। खबरों के मुताबिक़ सूचना मिलने पर घंटाली पुलिस मौके पर पहुंची और कांस्टेबल को अपने कब्जे में किया। फिलहाल कांस्टेबल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कांस्टेबल के महिला से पिछले 2 साल से संबंध थे। महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। महिला अवैध शराब का धंधा करती है। वहीं कांस्टेबल का कहना है कि महिला को उसने 15 हजार रुपए दिए थे। वहीं लेने के लिए महिला के घर गया था। लेकिन लोगों ने पीछे से आकर मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। कई बार मैं अपनी बात लोगों से कहना चाह रहा था, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों ने निर्वस्त्र कर मुझे पीटा है। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बचा लिया। पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल लालूराम खराड़ी एक साल से पीपलखूंट थाने में तैनात है। थाना प्रभारी ने बताया कि लालूराम खराड़ी ने ग्रामीणों के खिलाफ नंगा कर पीटने और पेड़ से बांधने का मामला दर्ज करवाया है। साथ ही महिला को 15 हजार रुपए उधार देने की बात भी रिपोर्ट में लिखवाई है। फिलहाल आगे की जांच में पुलिस जुट गई है।