शराब के नशे में शौहर ने बीवी के नाक कान काट डाले
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कहते हैं कि शादी सात जन्मों का बंधन होता है. और पति पत्नी का रिश्ता जीवनरूपी गाड़ी के दो पहिये होते हैं. मगर शराब इतनी खराब होती है कि पति अपनी पत्नी को नशे के तहत किसी भी तरह की सज़ा देने में ज़रा भी हिचकिचाहट महसूस नहीं करता. ऐसा हुआ है तेलंगाना में. गौरतलब है कि तेलंगाना में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी के कान और नाक काट डाले जाने की ख़बर सामने आई है। शराब के नशे में व्यक्ति ने पत्नी के नाक और कान काट डाले। यह घटना यदाद्री भुवनगरी ज़िला के पेद्दाअजिशर्लपल्ली मंडल केंद्र में कल रात घटी है। पुलिस के अनुसार, पेद्दाअजिशर्लपल्ली केंद्र निवासी नारायण दास सुधाकर और उसकी पत्नी राधा ने चार दिन पहले ही अपनी बेटी का नया वस्त्रधारण कार्यक्रम किया। इसी क्रम में सुधाकर ने इसके लिए जो खर्च हुआ है, उस खर्च को मायका से ले आने की मांग करते हुए पत्नी राधा को प्रताड़ित करने लगा। गुरुवार रात को सुधाकर शराब के नशे में घर आया और पत्नी राधा से मायका से पैसे लेकर आने की बात को लेकर झगड़ा करने लगा। इसी दौरान उसने मछली काटने वाली चाकू से पत्नी पर हमला किया तथा नाक और कान काट डाले। घटना की जानकारी मिलते हुए राधा के परिजनों ने राधा को इलाज के लिए हैदराबाद भेज दिया। एसआई गोपाल राव ने मीडिया को बताया कि राधा के भाई सत्यनारायण की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।