शाहरुख के बंगले को उड़ाने की धमकी देनेवाला गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सुपरस्टार शाहरुख खान के बंगले को उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मध्य प्रदेश की जबलपुर पुलिस ने उस शख्स को गिरफ्तार किया है। जबलपुर पुलिस के सीएसपी आलोक शर्मा के अनुसार, उस युवक का नाम जितेश ठाकुर है। जितेश ने ही 6 जनवरी को महाराष्ट्र पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन करके किंग खान के बंगले और मुंबई के कई प्रमुख स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। महाराष्ट्र पुलिस भी आरोपी से पूछताछ के लिए जबलपुर जा रही है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र पुलिस आरोपी युवक जितेश को रिमांड पर ले सकती है। फिलहाल जबलपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी युवक जितेश ठाकुर को कोर्ट में पेश करेगी, जिसके बाद आरोपी जितेश ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महाराष्ट्र पुलिस की सूचना पर जबलपुर की संजीवनी नगर पुलिस ने आरोपी जितेश ठाकुर को गिरफ्तार किया है। जितेश ठाकुर संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के गंगा नगर इलाके में रहता है। उसने आतंकवादी हमले और बम ब्लास्ट की फेक न्यूज कंट्रोल रूम को दी थी। महाराष्ट्र पुलिस ने उसके फोन को ट्रेस किया तो यह जबलपुर का नंबर निकला। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने जबलपुर पुलिस से संपर्क किया जिसके बाद जबलपुर पुलिस अलर्ट पर आई और आरोपी युवक को उसके घर गंगानगर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक पहले भी कई बार सीएम हेल्पलाइन और डायल हंड्रेड को फोन लगाकर परेशान कर चुका है। शराब पीने के बाद वो सीएम हेल्पलाइन और 100 नंबर को फेक कॉल करता है और इसी तरह की गैरज़िम्मेदाराना हरकतों की वजह से आज वह सलाखों के पीछे पहुंच गया है।