50 हज़ार रुपए रिश्वत लेते हुए सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पंजाब में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अपनी अथक लड़ाई के दौरान सोमवार को पुलिस कमिशनरेट दफ़्तर, अमृतसर की आर्थिक अपराध शाखा में तैनात सब इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ( नंबर 700/ अमृतसर सिटी) को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पंजाब के विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आज यहां राज्य विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त मुलजिम एसआई को सूरज मेहता निवासी गोपाल दास रोड, अमृतसर की तरफ से दर्ज करवाई शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो के पास पहुंचकर बताया है कि उक्त पुलिस मुलाज़ीम हाईकोर्ट से उसके पिता की गिरफ़्तारी पर अंतरिम स्टे मिलने के बाद पुलिस जांच में शामिल होने और इस मुकदमे में नियमित ज़मानत लेने में मदद करने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो को बताया कि उक्त थानेदार उसके पिता द्वारा उनकी सांझा फर्म में भाई वालों के विरुद्ध दर्ज किये एक अलग केस में मदद देने के नाम अधीन पहले एक लाख रुपए की रिश्वत ले चुका है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद, अमृतसर रेंज से विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और एसआई कुलवंत सिंह को दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि उक्त दोषी पुलिस मुलाजिम के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की करवाई शुरू है।