जलगांव: जेल में बनी साज़िश, 30 करोड़ का सोना पार! SBI डकैती में बर्खास्त PSI शंकर जासक गिरफ्तार
जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भोकर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा में हुई दिनदहाड़े डकैती मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात का मास्टरमाइंड पुलिस विभाग का बर्खास्त सब-इंस्पेक्टर (PSI) शंकर जासक है।
शंकर जासक ने इस वारदात की पूरी पटकथा जेल में रहते हुए ही लिख ली थी। बेल पर बाहर आते ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बैंक पर धावा बोल दिया और करोड़ों के सोने-कैश पर हाथ साफ कर दिया।
जांच के मुताबिक, पूर्व PSI शंकर जासक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। साल 2023 में उस पर जलगांव के शनिपेठ स्थित SBI शाखा से 3 करोड़ 17 लाख रुपये लूटने का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर जेल भेज दिया गया था।
जेल में रहने के दौरान शंकर जासक की मुलाकात गजानन राजेंद्र पवार से हुई, जो चालिसगांव क्षेत्र में एक हत्या के मामले में बंद था। कुछ महीने पहले जब दोनों जमानत पर बाहर आए, तो उन्होंने दोबारा अपराध की दुनिया में तहलका मचाने की ठानी। उन्होंने दो और सहयोगियों को साथ लिया और भोकर के SBI बैंक को अपना निशाना बनाने का प्लान तैयार किया।
शनिवार होने के कारण भोकर स्थित SBI शाखा में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम थी। इसी का फायदा उठाकर चारों आरोपी हथियार लहराते हुए बैंक के भीतर दाखिल हुए।
कर्मचारियों को बनाया बंधक: लुटेरों ने आते ही कर्मचारियों पर पिस्तौल और बंदूक तान दी। जब एक बैंक कर्मचारी ने इमरजेंसी अलार्म बटन दबाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी, उसका फोन बंद कराया और हाथ बांधकर एक तरफ बैठा दिया।
16 लॉकर तोड़कर भरा सोना: बंदूक की नोक पर आरोपियों ने कर्मचारियों से बैंक के 16 लॉकर खुलवाए। इसके बाद महज 40 से 45 मिनट के भीतर करीब 12 से 14 लाख रुपये नकद और लगभग 30 करोड़ रुपये मूल्य का सोना 5 से 6 बोरों और बैगों में भरकर मौके से फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धरनगांव की तरफ भागे। हालांकि, बैंक के बाहर मौजूद ग्रामीणों को तुरंत शक हो गया और उन्होंने गाड़ियों से आरोपियों का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के दबाव और पुलिस अलर्ट के कारण घबराए बदमाशों ने चावलखेड़ा के पास सड़क किनारे 4 बैग फेंक दिए
घटना की खबर मिलते ही पुलिस निरीक्षक उमाकांत गायकवाड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चावलखेड़ा इलाके के खेतों को चारों तरफ से घेर लिया। गहन छानबीन के बाद पुलिस ने खेतों में छिपे शंकर जासक और गजानन पवार को दबोच लिया। मामले में शामिल कुल 4 आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले चुकी है।
15 लाख कैश और सोने के बैग बरामद
पुलिस की प्राथमिक कार्रवाई में आरोपियों के पास से करीब 15 लाख रुपये कैश और सोने से भरे बैग जब्त कर लिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस बैंक से लूटे गए कुल सोने और नकदी का आधिकारिक आकलन कर रही है। इसके साथ ही बैंक के अंदर हुई कथित फायरिंग और गिरोह के अन्य संभावित मददगारों के बारे में पूछताछ जारी है। बर्खास्त पुलिस अधिकारी का इस तरह सलाखों के पीछे से बैंक डकैती का नेटवर्क चलाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।