महाराष्ट्र में अर्णब चक्रवात का तांडव: बारामती में रातभर में 158 मिमी रिकॉर्ड बारिश
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। सूखे के साए से जूझ रहे बारामती समेत पुणे और कोल्हापुर जिलों में मध्यरात्रि से हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। बारामती शहर में सोमवार सुबह 7 बजे तक ही रिकॉर्ड 158 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। एकाएक हुई इस भारी बारिश से बारामती के ग्रामीण इलाकों में फसलों को कुछ राहत तो मिली है, लेकिन कई जगहों पर खड़ी फसलों को भारी नुकसान भी पहुंचा है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर बारामती के निचले इलाकों में देखने को मिल रहा है, जहां सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। भिगवण और उसके आसपास की सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियों की आवाजाही ठप पड़ गई और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारी और पुलिस प्रशासन खुद सडकों पर उतरकर जलभराव की समस्या को दूर करने और नागरिकों की मदद करने में जुटे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन और नगर अध्यक्ष ने आम जनता से अपील की है कि जब तक बारिश का जोर कम नहीं होता, तब तक बेवजह घरों से बाहर न निकलें और जरूरी होने पर ही पूरी सावधानी के साथ बाहर जाएं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में यह अचानक आई आफत चक्रवात 'अर्णब' (Cyclone Arnab) का नतीजा है। इस चक्रवाती तूफान के असर से पुणे शहर, पुणे ग्रामीण, सातारा और कोल्हापुर जिले में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश और आंधी के अलर्ट को देखते हुए पूरे प्रशासनिक तंत्र को मुस्तैद कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।