Breaking News

नासिक-त्र्यंबकेश्वर में सिंहस्थ कुंभ का ऐतिहासिक ध्वजारोहण, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फहराया कुंभ ध्वज

31 Oct, 2026 22

महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर में शनिवार, 31 अक्टूबर को आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले का ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह धार्मिक उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। नासिक के रामकुंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुंभ ध्वज फहराया, जबकि त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धार्मिक ध्वज फहराया। दोनों स्थानों पर दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर एक साथ ध्वजारोहण किया गया।

कुंभ पर्व के इतिहास में पहली बार किसी महिला राष्ट्रपति द्वारा ध्वजारोहण किए जाने के कारण यह समारोह विशेष महत्व का रहा। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य के कई गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न अखाड़ों के प्रमुख, पुरोहित संघ के पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ध्वजारोहण से पहले धार्मिक परंपराओं के अनुसार ध्वज स्तंभ और ध्वज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुरोहितों के मार्गदर्शन में धूप, दीप, भोग और जल अर्पित किया गया। इसके साथ ही गंगा, यमुना, गोदावरी, सरस्वती, नर्मदा, सिंधु और कावेरी नदियों के पवित्र जल से अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच 'धर्मध्वजाय नमः' के उद्घोष के साथ ध्वज फहराया गया।

गौरतलब है कि सिंहस्थ कुंभ का ध्वजारोहण केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आगामी कुंभ मेले की आध्यात्मिक और पारंपरिक तैयारियों की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है। इस समारोह के साथ ही नासिक और त्र्यंबकेश्वर में सिंहस्थ कुंभ को लेकर उत्साह बढ़ गया है। अब श्रद्धालुओं को आगामी कुंभ पर्व का इंतजार है।

अन्य खबरे