मुंबई के मड आइलैंड में पार्टी के दौरान छात्रा से दरिंदगी नशीला पेय पिलाकर किया यौन उत्पीड़न
मुंबई के मालाड इलाके में स्थित मड आइलैंड में एक पार्टी के दौरान कॉलेज छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विले पार्ले के एक जाने-माने कॉलेज में पढ़ने वाले 22 साल के छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा के पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया और उसके बेहोश होने के बाद उसके साथ गलत हरकत की। यह घटना 29 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी छात्र को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कॉलेज के कुछ छात्रों ने मड आइलैंड पर एक पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान आरोपी युवक ने छात्रा को पीने के लिए नशीला पदार्थ मिला हुआ पेय दे दिया। इसे पीने के कुछ ही देर बाद छात्रा बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। होश में आने के बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और उसने अपने माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन नवंबर के पहले हफ्ते में जुहू पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। चूंकि मड आइलैंड का इलाका मालवणी पुलिस थाने के अंतर्गत आता है, इसलिए पहले वहां भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में परिवार के अनुरोध पर आगे की जांच जुहू पुलिस को सौंप दी गई।
मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी छात्र मुंबई से भागकर अपने गृह राज्य छत्तीसगढ़ चला गया था। जुहू पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर उसका पीछा किया और उसे छत्तीसगढ़ से धर दबोचा। पुलिस आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मुंबई लेकर आई और अंधेरी की स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य युवक का नाम भी सामने आया है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही पार्टी में मौजूद अन्य छात्रों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।