स्कूल बस चालक की लापरवाही से छात्र की बस से कुचलकर मौत
मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के राल गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तिलक सिंह इंटर कॉलेज की स्कूल बस की चपेट में आने से कक्षा दो के छात्र नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। इससे नाराज लोग बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का गुस्सा इस कदर टूटा की इस दौरान गुस्साए लोगों ने कॉलेज के मुख्य गेट और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। घटना की सूचना मिलते ही जैंत थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर होती देख पुलिस बल भी बुलाया गया, जिसके बाद हालात को काबू में करने की कोशिश की गई।
पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर जरुरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार बस चालक की तलाश के लिए टीम बनाई गई है । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं लोगों का कहना है कि राल मार्ग पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें अनेक लोगों की जान भी जा चुकी है। उनका आरोप है कि लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाए। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत, स्कूल क्षेत्र में गति सीमा का सख्ती से पालन और नियमित पुलिस निगरानी की मांग की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मासूम छात्र की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजन न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।