मध्य प्रदेश में सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली में बड़ी लापरवाही
संवाददाता/in 24 न्यूज़।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है जिले के नन्ही टेकरी गांव की सरकारी राशन दुकान पर बांटे जा रहे गेहूं की एक बोरी से जानवर के सिर और पैरों की हड्डियां मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. राशन लेने पहुंचे एक ग्रामीण ने जब गेहूं की बोरी खोली, तो उसमें अनाज के बीच जानवरों के अवशेष देखकर वह हैरान रह गया. इसके बाद उसने दूषित राशन लेने से साफ इनकार कर दिया और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी.कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण राशन दुकान पर पहुंच गए और खाद्य विभाग के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताई लोगों का कहना है कि गरीब परिवारों को मिलने वाले राशन में इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है और इससे लोगों की सेहत पर खतरा पैदा हो सकता है.ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मामले की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.अधिकारियों ने तत्काल राशन दुकान को सील कर दिया और वहां मौजूद अन्य गेहूं की बोरियों के नमूने जांच के लिए सुरक्षित रख लिए साथ ही सभी लाभार्थियों को दूषित राशन के बजाय नया और सुरक्षित राशन उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं.खाद्य विभाग के अधिकारियों ने माना कि यह बेहद गंभीर लापरवाही का मामला है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.