वर्ली अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन पर जलभराव
आर्थिक राजधानी मुंबई में तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सड़कों से लेकर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। मुंबई में कुछ घंटों की लगातार बारिश के कारण सोमवार, 26 मई को कई निचले इलाकों में और ट्रेन की पटरियों पर जलभराव हो गया। मानसून की दस्तक के बाद मुंबई पानी-पानी हो गई है। साथ ही मानसून के आगमन से पहले मुंबई महानगरपालिका द्वारा सफाई के दावों की भी पोल खुल गई। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। हालात यह हैं कि मुंबई में सड़कों पर जलभराव है।
इस बीच वर्ली मेट्रो स्टेशन का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्टेशन दरिया में तब्दील होता नजर आया। इसके बाद मुंबई मेट्रो लाइन 3 पर आचार्य अत्रे चौक और वर्ली के बीच परिचालन स्थगित कर दिया गया। मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी एमएमआरसी ने कहा कि अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन आचार्य अत्रे चौक में पानी भरने के बाद सेवाओं का संचालन बंद किया गया है।
इसके अलावा मेट्रो स्टेशन में जलभराव होने के चलते 33 किमी लंबे कोलाबा-बीकेसी-आरे जेवीएलआर अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण की गुणवत्ता और मानसून की तैयारियों को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं। एमएमआरसी ने कहा कि अचानक तेज बारिश के कारण डॉ. एनी बेसेंट रोड पर आचार्य अत्रे चौक स्टेशन के निर्माणाधीन प्रवेश और निकास द्वार से जलभराव हो गया। यहां बनी आरसीसी दीवार अचानक पानी के प्रवेश के कारण ढह गई।
एहतियाती उपाय के तौर पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए वर्ली और आचार्य अत्रे चौक के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं।एक वायरल वीडियो में स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव दिखाया गया है। वहीं एस्केलेटर पर बारिश का पानी रिसता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि स्टेशन के अंदर छत ढही हुई है और कुछ मशीनें बिखरी हुई दिखाई दे रही हैं। नौ मई को एमएमआरसी ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और आचार्य अत्रे चौक स्टेशन के बीच भूमिगत मेट्रो सेवा को बढ़ाया था। मेट्रो लाइन 3 मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो लाइन है राजधानी मुंबई में लगातार बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई और उसके उपनगरीय क्षेत्रों के लिए ऑरेंज से लेकर रेड अलर्ट जारी किए हैं और अगले तीन से चार घंटों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी है.