अब एलपीजी सिलेंडर की कीमत आसमान पर
संवाददाता/in24 न्यूज़।
त्यौहारों के दौरान आम आदमी को महंगाई ने जबरदस्त झटका दे रखा है। इस बार एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में बंपर बढ़ोतरी की गई है। एक नवंबर यानी आज से एलपीजी गैस सिलेंडर 265 रुपये महंगा हो गया है। हालांकि राहत की बात ये है कि ये बढ़ोतरी घरेलू एलपीजी सिलेंडर में होकर कमर्शियल सिलेंडर में की गई है। जबकि घरेलू रसोई गैस की कीमतों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि ये माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ा सकती है। पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आज एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं। इसी के साथ राजधानी दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर 2000 रुपये के पार पहुंच गया है। इससे पहले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1733 रुपये थी। वहीं बढ़ोतरी से पहले मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 1683 रुपये का था जो अब बढ़कर 1950 रुपये का हो गया है। ये कीमतें 19 किलोग्राम के कमर्शियल पर लागू होंगी। इसके अलावा कोलकाता में अब 19 किलो वाला इंडेन गैस सिलेंडर 2073.50 रुपये में मिलेगा और चेन्नई में इसका रेट 2133 रुपये होगा। अबतक कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में की बदलाव नहीं किया है। देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाला बिना सब्सिडी का गैस सिलेंडर 899.50 रुपये में ही मिलेगा। गौरतलब है कि इससे पहले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 6 अक्टूबर को बढ़ोतरी की गई थी। वहीं उससे पहले एक अक्टूबर को सिर्फ 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे। ऐसा माना जा रहा है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बाद एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1000 रुपये के पार जा सकती है। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में अब भी घरेलू गैस सिलेंडर 900 रुपये के आसपास में मिल रहा है। इसके अलावा बिहार की राजधानी पटना में अब एलपीजी सिलेंडर के दाम 1000 में से केवल 2 रुपये कम चुकाने पड़ेंगे। ऐसे में ऍम आदमी की परेशानी को समझा जा सकता है।