आज किसानों का देशभर में रेल रोको आंदोलन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सरकार के लाख समझाने और मना करने के बावजूद किसान आंदोलन लगातार जारी है। अब सरकार का ध्यान अपनी तरफ आकृष्ट करने के लिए किसानों ने रेल रोकने का रास्ता चुना है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में कुछ दिनों पहले हुई हिंसा के मामले में संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी तथा गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज देशभर में रेल रोको आंदोलन करने जा रहा है। इसके तहत उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने एक बयान में कहा था कि लखीमपुर खीरी मामले में जब तक किसानों को पूरी तरह से न्याय नहीं मिल जाता, किसानों का प्रदर्शन और तेज होगा। इसी क्रम में रेल रोको आंदोलन सोमवार को सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। इन 6 घंटों के दौरान सभी मार्गों पर रेल यातायात को रोका जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने बयान में कहा था कि वह अपील करता है कि रेल रोको आंदोलन शांतिपूर्ण और रेलवे की संपत्ति को बिना नुकसान पहुंचाए बिना किया जाए। आंदोलन को देखते हुए तीन राज्यों यूपी, पंजाब और हरियाणा में प्रशासन सबसे ज्यादा सतर्क है। भारतीय किसान यूनियन के यूपी प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि सभी जिलों में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। गौरतलब है कि तीन अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में चार किसानों और एक पत्रकार समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही संयुक्त किसान मोर्चा गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग कर रहा है। किसान कह रहे हैं कि अजय मिश्र के मंत्री पद पर रहते हुए मामले में न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। बता दें कि किसानों ने अब अपने आंदोलन से हटकर भी दुसरे मुद्दों पर आंदोलन करना शुरू कर दिया है जिसमें लखीमपुर खीरी का नाम भी शामिल है।