Breaking News

आतंकवाद को जड़ से उखाड़े बिना विश्राम नहीं : पीएम मोदी

18 Nov, 2022 572

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज आतंकवाद (terrorism) से पूरी दुनिया जूझ रही है। ऐसे में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी बात कही है। टेरर फंडिंग (Terror funding) रोकने के लिए राजधानी दिल्ली में नो मनी फॉर टेरर (no money for terror) सम्मेलन का आगाज हो गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने आतंकवाद के वित्तपोषण से मुकाबले के लिए मंत्रियों का सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को जड़ से उखाड़े बगैर हमें विश्राम नहीं है और भारत ने आतंकवाद का भयावह रुप उस समय देखा जब दुनिया ने इसको गंभीरता से नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि दशकों तक विभिन्न नामों और रुपों में आतंकवाद के जरिए भारत को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई है , हमने हजारों बेशकीमती जिंदगियां गंवाई है लेकिन हमने बहादुरी के साथ आतंकवाद का मुकाबला किया है। पीएम मोदी ने कहा कि हम मानते हैं कि आतंकवाद की एक अकेली घटना ढेर सारे लोगों पर हमला है, एक अकेली जिंदगी का जाना बहुतों का नुकसान है। इसलिए हम आतंकवाद को जड़ से उखाड़े बिना विश्राम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लंबे अवधि में सबसे अधिक नुकसान गरीब व्यक्ति और स्थानीय अर्थव्यवस्था को होता है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में किसी को यह बताने की जरूरत नहीं है कि आतंकवाद के क्या क्या खतरे हैं, पर आज भी कुछ लोगों के मन में आतंकवाद को लेकर कुछ भ्रमित धारणाएं बैठी हुई हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के हर हमले और हर कार्रवाई की एक समान भर्त्सना होनी चाहिए। भर्त्सना की तीव्रता घटना की जगह को लेकर नहीं बदलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद को तभी हरा सकते है जब हम इसको तनिक भी सहन नहीं करने की एक समान और एकजुट दृष्टि अपनाएंगे। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई को भी महत्वपूर्ण बताया। पीएम मोदी ने कहा कि कट्टरवादिता की मदद करने वालों के लिए किसी भी देश में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। इस सम्मेलन में दुनियाभर के देशों के आतंरिक सुरक्षा मंत्री और अधिकारी शामिल हुए हैं। सम्मेलन में आतंकवाद के खिलाफ गृहमंत्री अमित शाह भी अपने विचार रखने वाले हैं।

अन्य खबरे