आतंकी हमले में म्यांमार सीमा पर तीन जवान शहीद, पांच घायल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भी आतंकवाद का नासूर खत्म नहीं हुआ है. पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में असम राइफल्स के जवानों पर घात लगातर किए गए हमले में तीन जवानों के शहीद होने की खबर है. इस हमले में कुछ जवानों के घायल होने की भी बात कही जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी देश म्यांमार सीमा के पास स्थित चंदेल जिले में बुधवार शाम को संदिग्ध पीएलए के आतंकियों ने असम राइफल्स के जवानों की एक टुकड़ी पर हमला कर दिया. जिसमें तीन जवान शहीद हो गए. इस हमले में पांच जवान घायल भी हुए हैं. बताया जा रहा है कि पीएलए के संदिग्ध आंतकियों ने जवानों पर छिपकर हमला कर दिया था. सभी जवानों को इंफाल के पश्चिम जिले के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों का कहना है कि घायल जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने इस हमले को पहले आईईडी विस्फोट से अंजाम दिया उसके बाद जवानों पर गोलीबारी की. इस घटना के बाद इंफाल से सौ किलोमीटर दूर हमले वाले स्थान पर अतिरिक्त सैन्य बल को भेजा गया है. म्यांमार की सीमा पर हुए इस आतंकी हमले से साफ़ है कि पूर्वोत्तर में आतंकियों के मंसूबे को तोड़ना ही कारगर उपाय होगा, जिसके लिए सेना के जवानों ने जान की बाजी लगाकर अपने इरादे को हमेशा जाहिर किया है.