ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत लगातार विकास का रास्ता तय कर रहा है और दुनिया भर में अपनी साख बढ़ाता जा रहा है. इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के ‘न्यू भाऊपुर- न्यू खुर्जा सेक्शन’ और प्रयागराज में ईडीएफसी के परिचालन नियंत्रण केंद्र का उद्घाटन किया. साथ ही न्यू भाऊपुर-न्यू खुर्जा सेक्शन से मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. प्रधानमंत्री के उद्घाटन करने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के पहले खंड न्यू भाऊपुर- न्यू खुर्जा से मालगाड़ियों की औसत गति जो पहले 25 किलोमीटर प्रति घंटा थी वो बढ़कर 75 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी. पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन भारतीय रेल के गौरवशाली अतीत को 21वीं सदी की नई पहचान देने वाला है. भारत और भारतीय रेल का सामर्थ्य बढ़ाने वाला है। आज हम आज़ादी के बाद का सबसे बड़ा और आधुनिक रेल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट धरातल पर उतरता देख रहे हैं. आज जब भारत दुनिया की बड़ी आर्थिक ताकत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब बेहतरीन कनेक्टिविटी देश की प्राथमिकता है. इसी सोच के साथ बीते 6 साल से भारत में आधुनिक कनेक्टिविटी के हर पहलू पर फोकस के साथ काम किया जा रहा है. आज जब ‘न्यू भाऊपुर- न्यू खुर्जा सेक्शन’ के फ्रेट कॉरिडोर रूट पर पहली मालगाड़ी दौड़ी तो उसमें नए भारत की, आत्मनिर्भर भारत की गूंज सुनाई दी. प्रयागराज में ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर भी नए भारत के नए सामर्थ्य का प्रतीक है। ये दुनिया के बेहतरीन और आधुनिक कंट्रोल सेंटर में से एक है. उन्होंने आगे कहा कि शुरू में दो डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर तैयार करने की योजना है, पूर्वी डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना को पश्चिम बंगाल के दानकुनी से जोड़ रहा है.पश्चिम डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर महाराष्ट्र में जेएनपीटी को उत्तर प्रदेश के दादरी से जोड़ता है. बता दें कि कोरोना के संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक परियोजनाओं की शुरुआत की और इस बात का भी ख़याल रखा कि वैश्विक महामारी के बीच भारत का विकास होता रहे.