एक पाकिस्तानी आतंकी दबोचा गया तो दूसरे को किया ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़।
देश के दुश्मन को सुरक्षाबलों ने करारा जवाब दिया है। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। उरी सेक्टर में सेना ने एक पाकिस्तानी आतंकी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इसके साथ ही एक आतंकी को मार गिराया गया है। ये आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले रविवार को उरी सेक्टर के गोहलन इलाके में संदिग्ध हरकत देखने के बाद सतर्क जवानों ने पाया कि आतंकियों का एक ग्रुप घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है। इस पर उन्होंने ललकारा तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मार गिराया गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी हथलंगा जंगल क्षेत्र में तीन आतंकियों को मार गिराया गया था जो घुसपैठ कर दाखिल हुए थे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ था। वहीं 18 सितंबर को भी उरी सेक्टर में आतंकियों द्वारा घुसपैठ की एक कोशिश की गई थी जिसे सतर्क जवानों ने नाकाम बनाया था। उरी सेक्टर में आतंकी घुसपैठ को लेकर सोमवार को सेना की 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल डी पी पांडेय ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सेना इस तरह की साजिशों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। बता दें कि आतंकियों के खिलाफ इस पूरे इलाके में सुरक्षाबल के जवानों द्वारा कड़ी नज़र रखी जा रही है।