Breaking News

कोरोना मामले में भारत ने इटली को छोड़ा पीछे, 24 घंटे में 9,887 नए मरीज

06 Jun, 2020 844

संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन के बावजूद कोरोना महामारी का खौफ कम होता नहीं दिख रहा. अब तो भारत ने इस मामले में इटली तक को पीछे छोड़ दिया है. भारत में कोरोना वायरस के अब तक के सबसे ज्यादा दैनिक मामले सामने आये हैं. पिछले 24 घंटों में 9,887 लोगों को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है. इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 236,657 हो गई. भारत अब कोरोना वायरस मरीजों के मामले में छठे स्थान पर पहुंच गया है.भारत ने इटली को पीछे छोड़ दिया है, जो अब सातवें स्थान पर है. पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में दैनिक  कोविड-19  मामलों में बड़ी बढ़ोतरी देखी गई. भारत में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 294 लोगों की मौत हुई है, जो एक दिन में सबसे अधिक मौतें हैं. अकेले महाराष्ट्र में 139 मौतें दर्ज की गई, जबकि दिल्ली ने पिछले 24 घंटों में 58 लोगों की मौत की पुष्टि की.भारत में अब 115,942 सक्रिय कोरोना वायरस मरीज हैं जबकि 1.14 लाख से अधिक मरीज ठीक हुए हैं. महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 2,436 लोगों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया. अब राज्य के कोविड-19 मामलों की संख्या 80,000 के पार चली गई है. महाराष्ट्र में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,849 हो गई है. इस दौरान अकेले मुंबई में शुक्रवार को 54 लोगों की मौत हुई है.गुजरात में कोविड-19 की गिनती में सबसे बड़ा उछाल देखा गया, जहां पिछले 24 घंटों में 500 से अधिक लोगों को पॉजिटिव पाया गया. राज्य में कोविड-19 रोगियों की कुल संख्या 19,094 है. तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों में 1,438 ताजा मामलों के साथ राज्य के कोरोना वायरस की संख्या बढ़कर 28,694 हो गई है. केरल ने पहली बार एक दिन में 100 से अधिक कोरोना वायरस मामलों की सूचना दी. राज्य में 111 लोगों को पॉजिटिव पाया गया, जिसके साथ राज्य में कुल मामले 1,699 हो गए हैं. उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी कोरोना मामलों में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई. उत्तर प्रदेश में 496 नए मामले सामने आये. राज्य में अब कुल कोविड-19 मामले 9,733 तक पहुंच गए हैं. जबकि पश्चिम बंगाल ने पिछले 24 घंटों में 427 कोविड-19 मामलों की पुष्टि की. पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के 7,303 मामले हैं.

अन्य खबरे